SIR के दौरान ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से बाहर हुए पुराने मतदाता भी भर सकेंगे फॉर्म-6, आयोग ने कहा- केवल इस वजह से नहीं होगी कानूनी कार्रवाई।
विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद जारी ड्राफ्ट मतदाता सूची में अगर आपका नाम नहीं है, तो दोबारा वोटर बनने के लिए आवेदन करने में हिचकिचाने की जरूरत नहीं है। चुनाव आयोग ने साफ कर दिया है कि पहले से मतदाता रहे लोग भी अपना नाम अंतिम वोटर लिस्ट में शामिल कराने के लिए फॉर्म-6 और घोषणा पत्र जमा कर सकते हैं। ऐसा करने पर उनके खिलाफ केवल इस आधार पर कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की जाएगी।
चुनाव आयोग ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम को भेजे गए पत्र में इस संबंध में स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए हैं। आयोग ने दिल्ली हाईकोर्ट के 14 अक्तूबर के फैसले का हवाला देते हुए बताया कि पुराने मतदाता का नाम ड्राफ्ट सूची से छूट जाने के बाद फॉर्म-6 भरना गलत घोषणा की श्रेणी में नहीं आता।
पुराने वोटरों को क्यों सता रहा था मुकदमे का डर?
SIR प्रक्रिया के बाद कई ऐसे मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट सूची में नहीं दिखाई दिए, जो पहले से वोटर थे। ऐसे लोगों को नाम दोबारा जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 भरने की प्रक्रिया को लेकर चिंता थी।
इसकी वजह फॉर्म-6 में दी जाने वाली घोषणा है। इसमें आवेदक को बताना होता है कि उसका नाम पहली बार मतदाता सूची में जोड़ा जा रहा है। पुराने मतदाताओं को लग रहा था कि यदि वे पहले वोटर रह चुके हैं और अब यही घोषणा करते हैं, तो इसे गलत जानकारी माना जा सकता है।
इसी आशंका के चलते उन्हें जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा-31 के तहत कानूनी कार्रवाई या मुकदमा दर्ज होने का डर सता रहा था।
दिल्ली हाईकोर्ट के फैसले के बाद आयोग ने जारी किए निर्देश
इस मामले में दिल्ली हाईकोर्ट ने 14 अक्तूबर को फैसला सुनाया था। अदालत ने स्पष्ट किया था कि पहले से मतदाता रहे व्यक्ति का नाम यदि ड्राफ्ट सूची से बाहर हो जाता है, तो नाम दोबारा शामिल कराने के लिए फॉर्म-6 भरना गलत घोषणा नहीं है। ऐसे आवेदनों का निस्तारण निर्धारित नियमों के अनुसार किया जाना चाहिए।
अब चुनाव आयोग ने भी इसी आधार पर अपना रुख स्पष्ट किया है। आयोग ने कहा है कि ड्राफ्ट रोल में नाम नहीं होने की स्थिति में अंतिम सूची में नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 भरना आवश्यक है। यह नियम उन लोगों पर भी लागू होगा, जो पहले मतदाता के रूप में पंजीकृत थे।
ERO नहीं कर सकेंगे इस आधार पर कार्रवाई
आयोग ने निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ERO) को निर्देश दिया है कि किसी पुराने मतदाता के खिलाफ केवल इसलिए कार्रवाई न की जाए कि उसने पहले वोटर होने के बावजूद फॉर्म-6 भरा है।
हालांकि, आवेदन करने वाले व्यक्ति का नाम किसी दूसरी लोकसभा या विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में पहले से दर्ज नहीं होना चाहिए। इस शर्त को पूरा करने वाले पात्र मतदाता अपना नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 जमा कर सकते हैं।


