धामी बोले- हिमालय हमारी आत्मा और संस्कृति, संरक्षण के लिए सबको मिलकर करना होगा प्रयास

देहरादून। मंगलवार को मसूरी रोड स्थित होटल में हिन्दुस्तान समाचार पत्र द्वारा ’’हिमालय बचाओ अभियान-2025’’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शिरकत की और हिमालय एवं पर्यावरण संरक्षण में उल्लेखनीय योगदान देने वालों को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2012 में हिन्दुस्तान अखबार ने ’’हिमालय बचाओ अभियान’’ की शुरुआत की थी। यह अभियान अब आम जनता का अभियान बन गया है और लोग हिमालय की रक्षा के लिए जागरूक हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि हिमालय हमारी आत्मा, संस्कृति और प्रकृति की धरोहर है। यहां से निकलने वाली नदियां करोड़ों लोगों को पानी उपलब्ध कराती हैं और ऊर्जा का स्रोत भी हैं।
सीएम धामी ने कहा कि हिमालय संरक्षण के लिए विकास के साथ पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखना आवश्यक है। राज्य सरकार इस दिशा में लगातार काम कर रही है। जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए वन संरक्षण, जल संरक्षण और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पर्यटन हिमालयी क्षेत्र की आर्थिक गतिविधि का प्रमुख हिस्सा है। राज्य सरकार सस्टेनेबल टूरिज्म को प्रोत्साहन दे रही है और प्लास्टिक वेस्ट प्रबंधन हेतु डिजिटल डिपॉजिट रिफंड सिस्टम लागू किया है। इस कदम से 72 टन कार्बन उत्सर्जन कम करने में सफलता मिली है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमालय की सुरक्षा के लिए और भी कदम उठाने होंगे। हिमालयी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की जीवनशैली और पारंपरिक ज्ञान प्रकृति के साथ सामंजस्य बिठाकर जीवन जीने की शिक्षा देती है। इसलिए इन्हें नीति निर्माण का हिस्सा बनाना चाहिए। जब हर व्यक्ति जागरूक होकर अपनी जिम्मेदारी निभाएगा, तभी हिमालय को सुरक्षित रखा जा सकेगा।




