रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध में ड्रोन हमलों के बढ़ते खतरे के बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने रूस के हवाई क्षेत्र को लेकर अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस को सतर्क किया है।
जेलेंस्की ने कहा कि रूस के आसमान में यूक्रेनी ड्रोन गतिविधि बढ़ने से हवाई क्षेत्र नागरिक विमानों के लिए तेजी से असुरक्षित हो रहा है। उन्होंने एयरलाइंस, बीमा कंपनियों और रूस के प्रमुख एयरपोर्ट का इस्तेमाल करने वाली कंपनियों से मौजूदा सुरक्षा स्थिति को गंभीरता से लेने को कहा।
उन्होंने कहा कि यूक्रेन नागरिक विमानों को निशाना नहीं बनाना चाहता, लेकिन रूस के हवाई क्षेत्र में ड्रोन की संख्या और गतिविधि को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। जेलेंस्की ने यह भी कहा कि युद्ध जारी रहने तक रूस के आसमान में ड्रोन गतिविधियां बनी रह सकती हैं।
यह बयान रूस और यूक्रेन के बीच बढ़ते हवाई हमलों के बीच आया है। दोनों देशों की ओर से लगातार ड्रोन हमले किए जा रहे हैं और रूस के कई इलाकों में ड्रोन गतिविधियों के कारण हवाई यातायात भी प्रभावित हुआ है।
रूस की ओर से जेलेंस्की के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया सामने आई है। राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने उनकी चेतावनी को ‘स्टेट टेररिज्म’ से जोड़कर निशाना साधा।

