हेमकुंड साहिब में श्रद्धालुओं की रिकॉर्ड आमद, 3.68 लाख का आंकड़ा पार

NITC Desk
1 Min Read

श्री हेमकुंड साहिब की यात्रा इस वर्ष नया रिकॉर्ड बनाने की ओर बढ़ रही है। कपाट खुलने के बाद से अब तक 3 लाख 68 हजार 732 श्रद्धालु पवित्र गुरुद्वारे में दर्शन कर चुके हैं। पिछले साल की तुलना में इस वर्ष तीर्थयात्रियों की संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

पिछले वर्ष लगभग 3.25 लाख श्रद्धालु हेमकुंड साहिब पहुंचे थे। इस वर्ष यह आंकड़ा पहले ही पार हो चुका है और यात्रा समाप्त होने में अभी कुछ समय बाकी है। सितंबर के अंत तक ही करीब 3.40 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की रिपोर्ट सामने आई थी।

फिलहाल हेमकुंड साहिब में प्रतिदिन करीब 1,500 से 2,000 श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। गोविंदघाट गुरुद्वारे के मुख्य प्रबंधक सरदार सेवा सिंह ने बताया कि श्रद्धालुओं की इसी रफ्तार को देखते हुए 10 अक्टूबर को कपाट बंद होने तक संख्या चार लाख के करीब पहुंचने की उम्मीद है।

हेमकुंड साहिब चमोली जिले में स्थित प्रमुख सिख तीर्थस्थल है। यहां पहुंचने के लिए गोविंदघाट से घांघरिया और फिर हेमकुंड साहिब तक कठिन पैदल यात्रा करनी पड़ती है।

Share This Article