भारतीय सेना की नॉर्दर्न कमांड ने युवाओं को रक्षा क्षेत्र से जुड़कर सीखने और अपनी तकनीकी क्षमता विकसित करने का अवसर दिया है। कमांड ने वर्ष 2026-27 के इंटर्नशिप कार्यक्रम के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। यह कार्यक्रम खासतौर पर नवाचार और तकनीकी क्षेत्र में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों और अभ्यर्थियों के लिए उपयोगी हो सकता है।
इन तीन स्थानों पर मिलेगा मौका
इंटर्नशिप के लिए उधमपुर, श्रीनगर और लेह में प्रशिक्षण केंद्र निर्धारित किए गए हैं। यहां अभ्यर्थियों को अपने विषय से जुड़े कौशल को बेहतर बनाने और व्यावहारिक अनुभव हासिल करने का अवसर मिलेगा।
75 दिनों में पूरा होगा कार्यक्रम
इस इंटर्नशिप की कुल अवधि 75 दिन होगी। शुरुआती 15 दिनों में ऑनलाइन प्रशिक्षण दिया जाएगा, जबकि अगले 60 दिन प्रत्यक्ष प्रशिक्षण और व्यावहारिक कार्यों के लिए निर्धारित हैं।
सेना की क्षमता बढ़ाने वाले नवाचारों से जुड़ेंगे युवा
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को रक्षा क्षेत्र की आधुनिक तकनीकों से परिचित कराना है। इसके साथ ही उन्हें ऐसे नवाचारों पर काम करने का अवसर मिलेगा, जो सेना की परिचालन क्षमता को बेहतर बनाने में योगदान दे सकते हैं।
तकनीकी और व्यावसायिक कौशल विकसित करने का अवसर
इंटर्नशिप के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी तकनीकी दक्षता बढ़ाने और व्यावसायिक अनुभव हासिल करने में मदद मिलेगी। साथ ही उन्हें रक्षा क्षेत्र में योगदान देने का अवसर भी मिलेगा।


