Guest Faculty Salary Hike: गेस्ट फैकल्टी का मानदेय 35 हजार से बढ़कर होगा 57,700 रुपये, सरकार तैयार कर रही प्रस्ताव

NITC Desk
1 Min Read

देहरादून: उत्तराखंड के राजकीय महाविद्यालयों और विश्वविद्यालय परिसरों में कार्यरत गेस्ट फैकल्टी के लिए बड़ी राहत की खबर है। प्रदेश सरकार गेस्ट फैकल्टी के मानदेय में बढ़ोतरी करने की तैयारी कर रही है। इसके तहत वर्तमान में मिल रहे 35 हजार रुपये के मानदेय को बढ़ाकर 57,700 रुपये किए जाने का प्रस्ताव है।

शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि गेस्ट फैकल्टी को विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) के मानकों के अनुरूप मानदेय उपलब्ध कराने के लिए विभागीय अधिकारियों को प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने अधिकारियों से प्रस्ताव तैयार कर शासन को उपलब्ध कराने को कहा है। इसके बाद इस प्रस्ताव को कैबिनेट की बैठक में रखा जाएगा। कैबिनेट की मंजूरी मिलने के बाद मानदेय बढ़ोतरी को लेकर आगे की प्रक्रिया शुरू होगी।

एक लाख से अधिक छात्रों को मिलेंगे टैबलेट

इसके साथ ही प्रदेश के राजकीय महाविद्यालयों और विश्वविद्यालय परिसरों में पढ़ने वाले एक लाख से अधिक छात्र-छात्राओं को टैबलेट वितरित किए जाएंगे। सरकार की इस पहल से विद्यार्थियों को डिजिटल शिक्षा से जोड़ने और पढ़ाई के लिए तकनीकी संसाधन उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

Share This Article