EPFO के 3 नए फैसले: पीएफ खाते से पैसा निकालना होगा आसान, नौकरी छूटने पर 2 महीने में मिलेगा पूरा फंड

NITC Desk
4 Min Read

प्रोविडेंट फंड (PF) में जमा रकम नौकरीपेशा लोगों की भविष्य की बचत होती है। कर्मचारी अपनी सैलरी से हर महीने इसमें योगदान करते हैं और जमा राशि पर ब्याज भी मिलता है। अब पीएफ खाताधारकों के लिए राहत की खबर है। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने पीएफ से पैसे निकालने के नियमों में तीन अहम बदलावों को मंजूरी दी है।

19 नवंबर 2026 को आयोजित सेंट्रल बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज (CBT) की 240वीं बैठक में ये फैसले लिए गए। बैठक केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया की अध्यक्षता में हुई। नए नियमों के तहत रिटायरमेंट के बाद किस्तों में पीएफ निकालने, खाते में कम न्यूनतम बैलेंस रखने और नौकरी छूटने के बाद जल्दी सेटलमेंट कराने की सुविधा मिलेगी।

क्या हैं पीएफ निकासी के नए नियम?

रिटायरमेंट के बाद मिलेगी किस्तों में रकम निकालने की सुविधा

ईपीएफओ ने सिस्टमैटिक विदड्रॉल प्लान (SWP) को मंजूरी दी है। इसके लागू होने पर कर्मचारी रिटायरमेंट के बाद अपनी पूरी पीएफ राशि एक साथ निकालने के बजाय जरूरत के अनुसार धीरे-धीरे निकाल सकेंगे।

इस योजना में हर महीने, तीन महीने या छह महीने के अंतराल पर पैसे निकालने का विकल्प होगा। यह सुविधा स्वैच्छिक रखी गई है। इसका फायदा यह है कि खाते में बची रकम पर ब्याज मिलता रहेगा और सदस्य को नियमित अंतराल पर पैसे मिलते रहेंगे।

शुरुआती चरण में 55 वर्ष से अधिक उम्र के करीब 6.32 लाख ऐसे पीएफ सदस्यों को इसका प्रमुख लाभ मिलने की उम्मीद है, जिनके खाते में 5 लाख रुपये से अधिक जमा हैं। सदस्य की किस्तें शुरू होने के बाद मृत्यु होने पर नॉमिनी या आश्रित बची रकम निकाल सकते हैं अथवा किस्तें जारी रखने का विकल्प चुन सकते हैं।

अब खाते में 25% नहीं, 10% रकम रखना जरूरी

पीएफ निकासी के लिए खाते में न्यूनतम बैलेंस बनाए रखने की सीमा भी घटा दी गई है। पहले कर्मचारियों को खाते में कम से कम 25 फीसदी रकम रखनी पड़ती थी। अब इस अनिवार्य सीमा को घटाकर 10 फीसदी कर दिया गया है।

इससे पात्र कर्मचारी अपनी जरूरत के हिसाब से खाते से अधिक रकम निकाल सकेंगे।

नौकरी जाने पर 12 महीने की जगह 2 महीने का इंतजार

ईपीएफओ ने नौकरी छूटने के बाद अंतिम पीएफ सेटलमेंट की समय सीमा में भी कटौती की है। पहले कर्मचारियों को पूरा पीएफ निकालने के लिए 12 महीने तक इंतजार करना पड़ता था। अब यह अवधि केवल 2 महीने कर दी गई है।

हालांकि, कर्मचारी पेंशन योजना (EPS) के तहत पेंशन फंड की अंतिम निकासी के लिए 36 महीने की न्यूनतम प्रतीक्षा अवधि पहले की तरह बनी रहेगी।

PF खाताधारकों के लिए क्यों अहम हैं ये बदलाव?

इन तीनों फैसलों का मकसद कर्मचारियों को पीएफ की रकम तक अधिक सुविधाजनक पहुंच देना है। रिटायरमेंट के बाद नियमित भुगतान का विकल्प, खाते में कम रकम रखने की शर्त और नौकरी छूटने के बाद कम प्रतीक्षा अवधि से कर्मचारियों को आर्थिक जरूरतों के समय मदद मिल सकती है।

Share This Article