रुद्रपुर में देर रात परिवार को घेरकर हमला, महिलाओं से छीना-झपटी; कार के पांच शीशे तोड़े

NITC Desk
2 Min Read

रुद्रपुर के बिगवाड़ा गेट के पास देर रात एक परिवार के साथ मारपीट और लूटपाट की गंभीर घटना सामने आई है। आरोप है कि चार से पांच बाइक और स्कूटी पर सवार लोगों ने रास्ता पूछने के बहाने कार रुकवाई और फिर उसका पीछा कर परिवार को घेर लिया। हमलावरों ने तमंचा लहराकर गोली मारने की धमकी दी। इस दौरान कार में सवार महिलाओं के साथ भी छीना-झपटी की गई और वाहन के पांच शीशे तोड़ दिए गए।

पीड़ित परिवार पंजाब निवासी रिटायर्ड कर्नल साधू सिंह बाजवा का बताया जा रहा है। उनके अनुसार, 25 नवंबर की रात करीब 11:25 बजे उनका बेटा सुखमन सिंह परिवार के साथ गदरपुर के केशवगढ़ में विवाह समारोह से लौट रहा था।

रास्ता पूछकर रोकी कार

परिवार जब बिगवाड़ा गेट के पास पहुंचा तो कुछ लोगों ने रास्ता पूछने के बहाने कार रुकवा ली। सुखमन सिंह को स्थिति संदिग्ध लगी तो उन्होंने वहां से निकलने का प्रयास किया। इसके बाद आरोपियों ने वाहन का पीछा शुरू कर दिया।

प्रबल ग्रीन के पास की वारदात

आरोप है कि हमलावरों ने प्रबल ग्रीन के पास कार को घेर लिया। उन्होंने तमंचा दिखाकर परिवार को डराया और गोली मारने की धमकी दी। इसी दौरान सुखमन सिंह के गले से सोने की चेन छीन ली गई और कार में बैठी महिलाओं के साथ भी छीना-झपटी की गई।

हमलावरों ने कार के पांच शीशे तोड़ दिए। परिवार ने किसी तरह वहां से निकलकर अपनी जान बचाई। घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद होने की बात सामने आई है।

Share This Article