धामी सरकार का बड़ा डिजिटल कदम: ‘मेरी योजना पोर्टल’ से अब एक जगह मिलेगी केंद्र व राज्य की सभी योजनाओं की जानकारी

देहरादून में आयोजित भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘मेरी योजना पोर्टल’ को लॉन्च कर दिया। लॉन्च के बाद सीएम धामी ने कहा कि यह पोर्टल राज्य के नागरिकों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने में गेम-चेंजर साबित होगा।
उन्होंने कहा कि अक्सर लोग जानकारी के अभाव में योजनाओं का लाभ नहीं ले पाते, इसलिए यह पोर्टल केंद्र और राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही हर योजना की जानकारी एक मंच पर देने का काम करेगा।
कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा—“यह प्लेटफॉर्म उत्तराखंड को ई-गवर्नेंस के क्षेत्र में नई दिशा देता है। आम नागरिक घर बैठे सभी योजनाओं की शर्तें, पात्रता और आवेदन प्रक्रिया समझ सकेंगे।”
सचिव दीपक कुमार ने बताया कि पोर्टल पर योजनाओं को श्रेणीवार, विभागवार और लाभार्थी आधारित तरीके से वर्गीकृत किया गया है। इससे उपयोगकर्ता आसानी से अपनी आवश्यकता के अनुसार जानकारी खोज सकते हैं।
सरकार के अनुसार, पोर्टल का उद्देश्य है कि उत्तराखंड में कोई भी पात्र नागरिक सिर्फ जानकारी की कमी के कारण किसी भी योजना से वंचित न रह जाए।




