भारत-ओमान व्यापार संबंधों को नई ऊंचाई, पीएम मोदी की तीन देशों की अहम विदेश यात्रा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 दिसंबर से 18 दिसंबर तक तीन देशों की विदेश यात्रा पर जाएंगे। इस दौरान वह जॉर्डन, इथियोपिया और ओमान का दौरा करेंगे। यह यात्रा भारत की कूटनीतिक रणनीति के लिहाज से बेहद अहम मानी जा रही है, क्योंकि इसी अवसर पर भारत-जॉर्डन के 75 साल और भारत-ओमान के 70 साल के राजनयिक संबंधों का जश्न मनाया जाएगा।
इसी क्रम में, 12 दिसंबर को केंद्रीय मंत्रिमंडल ने भारत-ओमान CEPA को मंजूरी दे दी है। इससे पहले ओमान की शूरा काउंसिल ने भी इस फ्री ट्रेड एग्रीमेंट को हरी झंडी दी थी। सरकार के मुताबिक, यह समझौता प्रधानमंत्री मोदी की मस्कट यात्रा (17-18 दिसंबर) के दौरान हस्ताक्षरित किया जा सकता है।
यह व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौता दोनों देशों के बीच व्यापारिक रिश्तों को और मजबूत करेगा। वित्त वर्ष 2024-25 में भारत और ओमान के बीच व्यापार करीब 10.5 अरब डॉलर रहा है। CEPA के तहत शुल्क समाप्त किए जाएंगे और व्यापार, निवेश, ऊर्जा, रक्षा तथा सुरक्षा क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ावा दिया जाएगा।




