तकनीकी
निजी ऐप्स को चुनौती: ‘भारत टैक्सी’ लॉन्च, सहकारी मॉडल से ड्राइवरों को मिलेगा सीधा लाभ

केंद्र सरकार ने राइड-हेलिंग सेक्टर में बड़ा बदलाव लाने की दिशा में कदम बढ़ाया है। केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने आज भारत टैक्सी नामक देश के पहले सहकारी आधारित कैब प्लेटफॉर्म को लॉन्च किया। यह पहल उन ड्राइवरों के लिए उम्मीद की नई किरण बनकर सामने आई है, जो लंबे समय से किराया और कमीशन को लेकर असंतोष जता रहे थे।
भारत टैक्सी का मुख्य उद्देश्य ड्राइवरों को प्लेटफॉर्म का मालिकाना हक देना और उन्हें शोषण-मुक्त वातावरण उपलब्ध कराना है। इसमें ड्राइवरों से न्यूनतम शुल्क लिया जाएगा, जिससे उनकी वास्तविक कमाई बढ़ सके।
सरकार का मानना है कि यह प्लेटफॉर्म पारदर्शिता, भरोसे और सहयोग की भावना पर आधारित होगा और भविष्य में देशभर में इसका विस्तार किया जाएगा।



