अक्टूबर में शुक्र ग्रह का राशि परिवर्तन होने जा रहा है। 20 अक्टूबर को शुक्र तुला राशि में प्रवेश करेंगे। ज्योतिषीय मान्यताओं के मुताबिक शुक्र का यह गोचर कई राशियों के लिए महत्वपूर्ण हो सकता है। खास तौर पर धन, भाग्य, सुख-सुविधाओं और ऐश्वर्य से जुड़े मामलों में शुभ परिणाम मिलने की संभावना जताई जा रही है।
शुक्र के तुला राशि में पहुंचने पर बुध के साथ उनकी युति बनेगी। ज्योतिष के अनुसार इससे लक्ष्मी नारायण राजयोग बनने की स्थिति बन सकती है। वहीं तुला राशि शुक्र की अपनी राशि होने के कारण यहां मालव्य राजयोग बनने की भी चर्चा है।
मालव्य राजयोग पंच महापुरुष योगों में से एक माना जाता है। ज्योतिषीय नियमों के अनुसार शुक्र के अपनी या उच्च राशि में होकर कुंडली के केंद्र भाव यानी प्रथम, चतुर्थ, सप्तम या दशम भाव में स्थित होने पर यह योग बनता है। मान्यता है कि इससे व्यक्ति को सुख, समृद्धि, ऐश्वर्य और आर्थिक लाभ से जुड़े परिणाम मिल सकते हैं।


