बंद जनरेटर रूम में सो गए दो इंजीनियर, सुबह अचेत मिले; अस्पताल पहुंचने से पहले चली गई जान

NITC Desk
2 Min Read

देहरादून के पटेलनगर थाना क्षेत्र से दर्दनाक घटना सामने आई है। ट्रांसपोर्ट नगर स्थित सिंधु सेंटर में इंटरनेट कंपनी के दो इंजीनियर जनरेटर रूम में सो गए। बुधवार सुबह दोनों के अचेत मिलने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान रोहित सिंह और लव कुश के रूप में हुई है। दोनों ईशान नेट सोल प्राइवेट लिमिटेड में कार्यरत थे। जानकारी के मुताबिक, मंगलवार रात कंपनी के इंटरनेट सिस्टम में तकनीकी समस्या आई थी और बिजली भी चली गई थी। इसके बाद दोनों इंजीनियर जनरेटर चालू करने के लिए जनरेटर रूम में पहुंचे।

रिपोर्ट के मुताबिक, जनरेटर शुरू करने के बाद दोनों ने वहीं रात बिताई। सुबह कंपनी के वरिष्ठ कर्मचारी ने फोन किया, लेकिन दोनों से संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद सहकर्मी को मौके पर भेजा गया। दरवाजा खोलने पर दोनों अंदर बेसुध मिले और कमरे में धुआं भरा हुआ था।

दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में जनरेटर से निकलने वाले जहरीले धुएं और बंद कमरे में ऑक्सीजन की कमी को संभावित कारण माना जा रहा है।

Share This Article