नौकरी का तनाव और बिगड़ी दिनचर्या युवाओं के दिल पर भारी, 25 साल में भी आ रहा हार्ट अटैक

NITC Desk
2 Min Read

विशेषज्ञों ने चेताया—फास्ट फूड, धूम्रपान और नींद की कमी को हल्के में लेना पड़ सकता है भारी

आगरा। कम उम्र, लेकिन दिल की बीमारी का खतरा बड़ा। बदलती दिनचर्या, काम का दबाव और खानपान की गलत आदतें युवाओं के हृदय स्वास्थ्य के लिए चिंता का विषय बन रही हैं। विशेषज्ञों के मुताबिक, अब 25 साल की उम्र में भी हार्ट अटैक के मामले देखने को मिल रहे हैं।

फतेहाबाद रोड स्थित होटल में आयोजित कार्डियोलॉजी आगरा लाइव 6.0 कार्यशाला के पहले दिन डॉक्टरों ने हृदय रोगों के बढ़ते जोखिम पर चर्चा की। इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजी सोसाइटी के इस आयोजन में पद्मश्री डॉ. दलजीत सिंह गंभीर ने युवाओं की जीवनशैली से जुड़ी समस्याओं पर प्रकाश डाला।

उन्होंने बताया कि फास्ट फूड का सेवन, देर रात तक जागना, धूम्रपान, मानसिक तनाव और अधूरी नींद हृदय की सेहत को नुकसान पहुंचा सकते हैं। नौकरीपेशा युवाओं में भी ये जोखिम देखने को मिल रहे हैं।

30 साल से कम उम्र के मरीज भी चिंता का विषय

डॉ. गंभीर के मुताबिक, हार्ट अटैक के मरीजों में करीब 20 प्रतिशत 40 वर्ष से कम और लगभग 7 प्रतिशत 30 वर्ष से कम उम्र के हैं। ये आंकड़े कम उम्र में हृदय स्वास्थ्य पर ध्यान देने की जरूरत को रेखांकित करते हैं।

विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की कि वे अपनी दिनचर्या में सुधार करें, नियमित स्वास्थ्य जांच कराएं और हृदय रोग के संभावित लक्षणों को नजरअंदाज न करें।

Share This Article