पांच जिलों में बारिश की संभावना, ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी से मैदानी क्षेत्रों में भी गिरेगा पारा
देहरादून। उत्तराखंड में सर्दी की आहट तेज होने लगी है। पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम ने करवट ली है। दोपहर बाद केदारनाथ और यमुनोत्री धाम में बर्फबारी हुई, जबकि अन्य पर्वतीय इलाकों में भी बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 25 अक्तूबर को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली और पिथौरागढ़ के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, 3200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने के आसार हैं। कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और बर्फबारी भी हो सकती है।
मैदानों तक महसूस होगा मौसम का असर
पहाड़ों में मौसम बदलने का प्रभाव मैदानी क्षेत्रों में भी देखने को मिल सकता है। तापमान में गिरावट आने से ठंड बढ़ने की संभावना है। ऐसे में आने वाले समय में लोगों को सुबह और शाम के वक्त अधिक ठंड महसूस हो सकती है।


