NEET UG Counselling: उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय में एक छात्रा के दो स्कोर कार्ड मिले, अंकों में 100 का अंतर

NITC Desk
2 Min Read

उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय की नीट यूजी काउंसिलिंग में दस्तावेजों को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। यहां एक छात्रा के दो अलग-अलग स्कोर कार्ड सामने आए हैं, जिनमें प्राप्त अंकों में 100 का अंतर है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इसे संदिग्ध और कूटरचित मामला बताते हुए डोईवाला कोतवाली में शिकायत दी है और प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।

विश्वविद्यालय के उपकुलसचिव संजीव कुमार पाण्डेय ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि 24 नवंबर को मॉप अप राउंड काउंसिलिंग के दौरान यह मामला सामने आया। फरीदाबाद, हरियाणा के निवासी अनुराग खरे अपनी बेटी आस्था खरे की काउंसिलिंग कराने के लिए पहुंचे थे।

काउंसिलिंग में पेश किया 315 अंकों का स्कोर कार्ड

शिकायत के मुताबिक, अनुराग खरे ने काउंसिलिंग के समय जो नीट स्कोर कार्ड प्रस्तुत किया, उसमें उनकी पुत्री आस्था खरे के 315 अंक दर्ज थे। जबकि विश्वविद्यालय के पास उपलब्ध रिकॉर्ड में छात्रा के 215 अंक दर्ज हैं। दोनों दस्तावेजों में अंकों का अंतर मिलने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने मामले को संदिग्ध माना।

23 नवंबर को ईमेल से भेजा था दूसरा स्कोर कार्ड

उपकुलसचिव पाण्डेय ने शिकायत में यह भी बताया कि विश्वविद्यालय की ओर से 23 नवंबर को ईमेल के माध्यम से अभ्यर्थी को 215 अंकों वाला स्कोर कार्ड भेजा गया था। इसके अगले दिन काउंसिलिंग के दौरान 315 अंक वाला स्कोर कार्ड प्रस्तुत किया गया।

इसके अलावा, छात्रा के नाम पर दो अलग-अलग आवेदन पत्र भी सामने आए हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इन दस्तावेजों को लेकर संदेह जताया है और पुलिस से पूरे मामले की जांच कर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।

Share This Article