गंगा दशहरा के पावन पर्व पर उत्तराखंड के हरिद्वार और गंगोत्री में श्रद्धालुओं की अभूतपूर्व भीड़ देखने को मिली। धार्मिक आस्था से ओत-प्रोत भक्तों ने मां गंगा में स्नान कर सुख-समृद्धि और मोक्ष की कामना की। प्रशासन के अनुसार, एक दिन में करीब 5 लाख श्रद्धालुओं ने गंगा घाटों पर स्नान किया।
हरिद्वार के हर की पैड़ी घाट पर भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था। दूर-दराज के राज्यों से आए श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान के साथ धार्मिक अनुष्ठानों में हिस्सा लिया। वहीं, गंगोत्री धाम में भी तीर्थयात्रियों की भारी भीड़ रही और पूरा क्षेत्र ‘हर-हर गंगे’ के जयकारों से गूंज उठा।
श्रद्धालुओं की भारी संख्या को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए। घाटों पर निगरानी बढ़ाई गई और मेडिकल टीमों को भी अलर्ट मोड पर रखा गया। ट्रैफिक व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए कई मार्गों पर डायवर्जन लागू किया गया।
गंगा दशहरा हिंदू धर्म का अत्यंत महत्वपूर्ण पर्व माना जाता है। मान्यता है कि इस दिन गंगा स्नान करने से दस प्रकार के पापों का नाश होता है। इसी कारण हर साल लाखों श्रद्धालु इस अवसर पर गंगा तटों पर पहुंचते हैं।


