सोमवार को मसूरी में मौसम का बदला हुआ मिजाज देखने को मिला। सुबह से ही मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहा। कभी तेज धूप निकली तो कुछ देर बाद आसमान में बादल छा गए। दोपहर बाद करीब तीन बजे बारिश शुरू होने के साथ ही तापमान में गिरावट आ गई।
बारिश के साथ शहर के कई हिस्से घने कोहरे की चपेट में रहे। ठंड बढ़ने पर स्थानीय लोग गर्म कपड़ों में नजर आए। मौसम में अचानक आए बदलाव का असर पर्यटकों की आवाजाही पर भी पड़ा। प्रमुख पर्यटन स्थलों पर सामान्य दिनों की तुलना में कम पर्यटक दिखाई दिए।
दिल्ली से मसूरी पहुंचीं पर्यटक ज्योति ने कहा कि यहां मौसम लगातार बदल रहा है। कभी धूप, कभी कोहरा और कभी बादल का नजारा मौसम को सुहाना बना रहा है।

