दिल्ली के सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन पर वरिष्ठ नागरिकों के लिए आरक्षित सीट को लेकर हुआ विवाद एक व्यक्ति की मौत का कारण बन गया। 48 वर्षीय पवन शर्मा की मौत के मामले में पुलिस ने संजय प्रताप सिंह (65) और उनके बेटे सिद्धार्थ सिंह (36) को गिरफ्तार किया है। दोनों नोएडा के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, घटना 8 अक्टूबर की है। पवन शर्मा अपनी 65 वर्षीय मां दुर्गा देवी के साथ मेट्रो से यात्रा कर रहे थे। शुरुआती जांच में पता चला कि मां-बेटे वरिष्ठ नागरिकों के लिए आरक्षित सीटों पर बैठे थे। मंडी हाउस स्टेशन पर पिता-पुत्र के ट्रेन में चढ़ने के बाद सीट को लेकर विवाद शुरू हुआ।
प्राथमिकी में लगाए गए आरोपों के अनुसार, कहासुनी के दौरान पवन शर्मा के साथ मारपीट की गई। उन्हें थप्पड़ मारे जाने और धक्का दिए जाने की बात सामने आई है। इसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश हो गए।
शाम करीब 5:47 बजे सुप्रीम कोर्ट मेट्रो पुलिस स्टेशन को प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर एक व्यक्ति के बेहोश होने की सूचना मिली। पवन शर्मा को पहले ही एलएनजेपी अस्पताल ले जाया गया था, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने पवन शर्मा की मां के बयान पर 9 अक्टूबर को मामला दर्ज किया। जांच के दौरान दोनों आरोपियों की भूमिका की पड़ताल की गई और साक्ष्यों के आधार पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। रिपोर्टों के मुताबिक, अदालत ने दोनों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि विवाद किस तरह बढ़ा और पवन शर्मा को लगी चोटों का उनकी मौत से क्या संबंध था। घटना के समय मौजूद यात्रियों और मेट्रो स्टाफ के बयान भी जांच का हिस्सा हैं।


