देहरादून: कालूवाला क्षेत्र में हत्या की झूठी सूचना देकर पुलिस को परेशान करने का मामला सामने आया है। एक व्यक्ति ने पुलिस को फोन कर हत्या की सूचना दी, जिसके बाद चौकी और थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। काफी देर तक तलाश करने के बाद पुलिस को पता चला कि सूचना झूठी थी। पुलिस ने संबंधित व्यक्ति का चालान काटकर उसे चेतावनी दी।
जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब 10 बजे अर्जुन चौहान निवासी ग्राम निगासन, लखीमपुर खीरी (उत्तर प्रदेश) ने अपने जीजा के मोबाइल फोन से 112 नंबर और जौलीग्रांट चौकी इंचार्ज के फोन नंबर पर संपर्क किया। उसने बताया कि कालूवाला में एक व्यक्ति की हत्या कर शव सौंग नदी में फेंक दिया गया है।
हत्या की सूचना मिलते ही चौकी और थाना पुलिस हरकत में आ गई और मौके के लिए रवाना हो गई। पुलिस ने काफी देर तक क्षेत्र में तलाश की। बाद में पुलिस सूचना देने वाले व्यक्ति तक पहुंची, जहां पता चला कि हत्या की सूचना फर्जी थी।
इसके बाद पुलिस ने संबंधित व्यक्ति का चालान काटते हुए भविष्य में इस तरह की झूठी सूचना न देने की चेतावनी दी।


