छठ महापर्व के अंतिम दिन देहरादून और हरिद्वार के घाटों पर आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। गुरुवार तड़के से ही श्रद्धालु पूजा की डलिया और अन्य सामग्री लेकर घाटों पर पहुंचने लगे। जैसे-जैसे सुबह हुई, छठी मैया के पारंपरिक गीतों और जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
देहरादून के नेहरू कॉलोनी स्थित मिथिला छठ घाट, ब्रह्मपुरी छठ घाट समेत शहर के अलग-अलग घाटों पर बड़ी संख्या में व्रती और उनके परिजन पहुंचे। श्रद्धालुओं ने जल में उतरकर भगवान सूर्य की आराधना की और उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। हरिद्वार में भी विभिन्न घाटों पर छठ पूजा के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ रही।
छठ पर्व पर व्रती परिवार की सुख-समृद्धि और संतान की लंबी आयु की कामना करते हैं। इसी परंपरा के तहत श्रद्धालुओं ने भगवान भास्कर और छठी मैया की पूजा-अर्चना की। करीब 36 घंटे के निर्जला व्रत के बाद उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ व्रतियों ने अपना अनुष्ठान पूरा किया।
इसके बाद पूजा संपन्न कर व्रतियों ने प्रसाद ग्रहण किया और व्रत का पारण किया। घाटों पर श्रद्धा, उल्लास और पारंपरिक लोकगीतों का संगम देखने को मिला।


