अगर आप घर बैठे नई फिल्में और वेब सीरीज देखने की योजना बना रहे हैं तो नवंबर का तीसरा सप्ताह आपके लिए कई विकल्प लेकर आया है। 16 से 20 नवंबर के बीच जियोहॉटस्टार, प्राइम वीडियो और जी5 पर अलग-अलग जॉनर की नई रिलीज देखने को मिलेंगी।
क्वीन: 16 नवंबर, जियोहॉटस्टार
राजनीतिक ड्रामा सीरीज ‘क्वीन’ 16 नवंबर से जियोहॉटस्टार पर देखी जा सकेगी। इसमें शगुन शर्मा, कर्तव्य यादव, जाकिर हुसैन और श्रुति सेठ नजर आएंगे। कहानी एक प्रभावशाली राजनीतिक परिवार के भीतर चलने वाले सत्ता संघर्ष, धोखे और एक महिला के अपने अधिकारों के लिए संघर्ष को दिखाती है।
मिस्टर एंड मिसेज ऑफिस: 18 नवंबर, जियोहॉटस्टार
यह एक रोमांटिक कॉमेडी सीरीज है, जिसका निर्देशन अब्दुल कबीज ने किया है। कहानी एक ऐसे शादीशुदा जोड़े की है, जो घर पर पति-पत्नी की तरह रहते हैं, लेकिन ऑफिस में एक-दूसरे को पहचानने तक से बचते हैं। निजी रिश्ते और कामकाजी जिंदगी के बीच तालमेल बनाने की उनकी कोशिश कहानी को दिलचस्प बनाती है।
मैडेन: 18 नवंबर, प्राइम वीडियो
स्पोर्ट्स और बायोग्राफी में दिलचस्पी रखने वालों के लिए ‘मैडेन’ एक विकल्प है। यह फिल्म अमेरिकी फुटबॉल कोच जॉन मैडेन के जीवन पर आधारित है। निकोलस केज ने मुख्य भूमिका निभाई है और क्रिश्चियन बेल भी फिल्म में अहम किरदार में हैं।
तीन तिगाड़ा: 20 नवंबर, जी5
जी5 पर आने वाली यह हिंदी वेब सीरीज रोमांस, परिवार और युवाओं के सपनों की कहानी पेश करेगी। इसमें प्रसन्ना बिष्ट और दानिश रजवी मुख्य भूमिकाओं में हैं। राजीव राज के निर्देशन में बनी इस सीरीज की कहानी में जिंदगी के अप्रत्याशित मोड़ रिश्तों और महत्वाकांक्षाओं को नई दिशा देते हैं।
इन रिलीज के साथ इस सप्ताह दर्शकों को ड्रामा, कॉमेडी, रोमांस और खेल जगत से जुड़ी कहानी देखने का मौका मिलेगा।


