2027 विश्व कप क्वालिफायर होगा छोटा और रोमांचक, ICC ने हटाया सुपर सिक्स राउंड

NITC Desk
2 Min Read

2027 वनडे विश्व कप के क्वालिफायर टूर्नामेंट को लेकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने नया प्रारूप जारी किया है। आईसीसी ने आगामी टूर्नामेंट से सुपर सिक्स राउंड को हटाने का फैसला किया है। अब 10 टीमों के बीच होने वाले इस क्वालिफायर में दो ग्रुप चरणों के बाद सीधे सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे।

आईसीसी ने इंडोनेशिया के बाली में आयोजित बैठकों के बाद इस बदलाव की घोषणा की। नया टूर्नामेंट फरवरी और मार्च 2027 में आयोजित होगा। इसमें भाग लेने वाली 10 टीमों को दो ग्रुप में बांटा जाएगा। प्रत्येक ग्रुप में पांच टीमें रहेंगी। दोनों ग्रुप की शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी और सेमीफाइनल के विजेता खिताबी मुकाबले में आमने-सामने होंगे।

घट जाएंगे 11 मुकाबले

इससे पहले क्वालिफायर में दो ग्रुप चरणों के बाद सुपर सिक्स राउंड खेला जाता था। पुराने प्रारूप में कुल 34 मैच होते थे। नए फॉर्मेट में सुपर सिक्स को हटाकर मुकाबलों की संख्या 23 कर दी गई है। यानी अब टूर्नामेंट में पहले की तुलना में 11 मैच कम होंगे।

चार टीमों को मिलेगा विश्व कप का टिकट

नए प्रारूप के तहत क्वालिफायर में शीर्ष चार स्थान हासिल करने वाली टीमों को 2027 वनडे विश्व कप में जगह मिलेगी। इनमें से विजेता टीम सीधे विश्व कप के ग्रुप चरण में प्रवेश करेगी। वहीं दूसरे, तीसरे और चौथे स्थान की टीमें सुपर सीरीज में खेलेंगी। इस सीरीज के जरिए विश्व कप के ग्रुप चरण की अंतिम टीम तय होगी।

इस बदलाव के बाद क्वालिफायर में सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबलों का महत्व बढ़ जाएगा।

Share This Article