भारतीय शेयर बाजार में सोमवार को तेजी के साथ कारोबार शुरू हुआ। सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 450 अंक से अधिक चढ़ गया, जबकि निफ्टी 25,250 के स्तर के ऊपर पहुंच गया। बाजार में इस तेजी के पीछे विदेशी निवेशकों की जोरदार खरीदारी और कच्चे तेल की कीमतों में आई नरमी को प्रमुख वजह माना जा रहा है।
सुबह 9:20 बजे सेंसेक्स 449.86 अंक की बढ़त के साथ 82,042.31 पर कारोबार कर रहा था। निफ्टी भी 112.16 अंक चढ़कर 25,256.45 पर पहुंच गया। एशियन पेंट्स और भारती एयरटेल के शेयरों में करीब दो प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई।
दो महीने की बिकवाली के बाद विदेशी निवेशकों की वापसी
विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों ने नवंबर के पहले 13 दिनों में भारतीय शेयरों में करीब 84,290 करोड़ रुपये का निवेश किया। यह खरीदारी ऐसे समय में हुई है, जब विदेशी निवेशक सितंबर और अक्टूबर में भारतीय बाजार से बड़ी रकम निकाल रहे थे। सितंबर में करीब 35,861 करोड़ रुपये और अक्टूबर में लगभग 34,843 करोड़ रुपये की शुद्ध निकासी हुई थी।
13 नवंबर को विदेशी संस्थागत निवेशकों ने 5,736.55 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। बाजार में विदेशी निवेशकों की वापसी को घरेलू शेयरों के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।
तेल की कीमतों में गिरावट से भी राहत
वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट ने भी भारतीय बाजार को समर्थन दिया। होर्मुज जलडमरूमध्य से तेल शिपमेंट में सुधार और आपूर्ति बढ़ने की उम्मीद से तेल बाजार में नरमी आई है।
बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि विदेशी निवेशकों की खरीदारी से बाजार को सहारा मिल सकता है। हालांकि, वैश्विक संकेतों, कच्चे तेल की कीमतों और कंपनियों के नतीजों के आधार पर आगे उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।


