‘मनरेगा बचाओ’ अभियान के तहत कांग्रेस का बड़ा ऐलान, 10 जनवरी से उत्तराखंड में शुरू होगा चरणबद्ध आंदोलन

कांग्रेस ने मनरेगा का नाम बदलने के फैसले के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए 10 जनवरी से पूरे उत्तराखंड में चरणबद्ध आंदोलन शुरू करने की घोषणा की है। पार्टी का कहना है कि मनरेगा केवल एक योजना नहीं, बल्कि ग्रामीण गरीबों का अधिकार है और इसे कमजोर करने की साजिश को किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने दिया जाएगा।
कांग्रेस नेताओं के अनुसार, सरकार मनरेगा के नाम और ढांचे में बदलाव कर इसकी मूल भावना को खत्म करना चाहती है। इससे लाखों परिवारों को मिलने वाला रोजगार और आर्थिक सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है। इसी के विरोध में पार्टी सड़कों पर उतरने जा रही है।
इस आंदोलन में कांग्रेस कार्यकर्ता हर जिले, तहसील और ब्लॉक स्तर पर प्रदर्शन करेंगे। जनसभाओं के जरिए लोगों को बताया जाएगा कि मनरेगा में बदलाव से उन्हें क्या नुकसान हो सकता है। पार्टी ने यह भी कहा है कि जरूरत पड़ी तो दिल्ली तक आंदोलन को ले जाया जाएगा।
प्रदेश कांग्रेस का कहना है कि यह आंदोलन शांतिपूर्ण होगा, लेकिन पूरी ताकत के साथ किया जाएगा। पार्टी ने सभी कार्यकर्ताओं से इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है।




