ठिठुरन के बीच भी श्रद्धा का संगम: हरिद्वार-ऋषिकेश के घाटों पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, उत्तरकाशी में आज सीएम करेंगे माघ मेले का उद्घाटन

उत्तराखंड में शीतलहर का प्रकोप जारी है, तापमान लगातार गिर रहा है, लेकिन श्रद्धालुओं की आस्था पर इसका कोई असर नहीं दिख रहा। माघ माह के पहले दिन हरिद्वार और ऋषिकेश के प्रसिद्ध गंगा घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। ठंडे पानी में डुबकी लगाकर लोगों ने पुण्य अर्जित किया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
घाटों पर महिला, पुरुष, बुजुर्ग और युवा सभी वर्ग के श्रद्धालु मौजूद रहे। कई श्रद्धालु दूर-दराज के राज्यों से भी यहां पहुंचे हैं। गंगा स्नान के बाद लोग मंदिरों में पूजा-अर्चना करते नजर आए। प्रशासन की ओर से घाटों पर बैरिकेडिंग, गोताखोरों की तैनाती और कंट्रोल रूम के माध्यम से निगरानी की जा रही है।
वहीं, उत्तरकाशी में आज से माघ मेले का शुभारंभ होने जा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मेले का उद्घाटन करेंगे। माघ मेला न केवल धार्मिक दृष्टि से बल्कि सांस्कृतिक दृष्टि से भी बेहद महत्वपूर्ण है। मेले में लोकसंस्कृति, पारंपरिक व्यंजन, हस्तशिल्प और धार्मिक कार्यक्रमों की धूम रहेगी।




