देश के कई राज्यों में कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति बाधित होने से होटल और रेस्टोरेंट कारोबार प्रभावित हो रहा है। गैस की कमी के चलते कई होटल संचालकों ने चिंता जताई है कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो उनके लिए कारोबार चलाना मुश्किल हो सकता है।
रेस्टोरेंट एसोसिएशन के मुताबिक गैस सिलेंडर की नियमित आपूर्ति न होने से कई प्रतिष्ठानों को सीमित मेन्यू के साथ काम करना पड़ रहा है। कुछ जगहों पर तो गैस की कमी के कारण संचालन बंद करने की नौबत भी आ गई है।
इस बीच केंद्र सरकार ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कड़ा कदम उठाते हुए आवश्यक वस्तु अधिनियम लागू कर दिया है। इस कानून के तहत जमाखोरी और कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सरकार का कहना है कि गैस की उपलब्धता बनाए रखने और उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।


