रामनगरी अयोध्या में दसवें दीपोत्सव को भव्य बनाने की तैयारियां पूरी हो गई हैं। राम की पैड़ी समेत सरयू नदी के तट पर बने 56 घाटों पर 30 लाख से अधिक दीये सजाए जा चुके हैं। अब शाम को एक साथ दीप प्रज्ज्वलित कर नया विश्व कीर्तिमान बनाने की तैयारी है।
35 हजार लोगों की मेहनत लाई रंग
दीपोत्सव की तैयारियों में अवध विश्वविद्यालय के 35 हजार स्वयंसेवकों ने योगदान दिया। तीन दिनों तक लगातार चले अभियान में स्वयंसेवकों ने घाटों पर दीयों को व्यवस्थित तरीके से सजाया। शुक्रवार को यह काम पूरा हो गया।
शाम को एक साथ रोशन होंगे सभी घाट
दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल होंगे। दोनों की मौजूदगी में शाम को सरयू तट के घाटों पर एक साथ दीप जलाए जाएंगे। आयोजन के साथ अयोध्या एक बार फिर दीपों की रोशनी के जरिए विश्व रिकॉर्ड बनाने की ओर बढ़ रही है।


