चकराता: गांधी जयंती की छुट्टी और सप्ताहांत के कारण चकराता में पर्यटन कारोबार को रफ्तार मिली है। गुरुवार रात से ही विभिन्न राज्यों से पर्यटकों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। शुक्रवार को चकराता के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर बड़ी संख्या में पर्यटक नजर आए।
छुट्टी के चलते होटल, होमस्टे, रिसॉर्ट और गेस्ट हाउसों में भी अच्छी बुकिंग रही। परिवारों और दोस्तों के साथ पहुंचे पर्यटकों ने चकराता और आसपास के प्राकृतिक स्थलों का रुख किया। इससे पर्यटन स्थलों के साथ ही स्थानीय बाजारों में भी चहल-पहल बढ़ी।

चकराता में पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों का कहना है कि यहां अब पर्यटन किसी एक मौसम तक सीमित नहीं रह गया है। वीकेंड, त्योहार और लगातार छुट्टियां होने पर बड़ी संख्या में पर्यटक चकराता पहुंच रहे हैं।
पर्यटकों की सालभर बढ़ती आवाजाही स्थानीय अर्थव्यवस्था के लिए भी महत्वपूर्ण है। होटल और होमस्टे के अलावा रेस्टोरेंट, टैक्सी, स्थानीय दुकानों और अन्य पर्यटन गतिविधियों से जुड़े कारोबार को भी इसका सीधा फायदा मिल रहा है।

