उत्तराखंड

सतपाल महाराज ने दिया संदेश – जिम्मेदार पर्यटन ही भविष्य; उत्तराखंड को मिला ICRT सिल्वर अवार्ड

देहरादून/दिल्ली, 13 सितम्बर 2025।

आईसीआरटी भारतीय उपमहाद्वीप जिम्मेदार पर्यटन पुरस्कार-2025 में उत्तराखंड पर्यटन को सिल्वर अवार्ड से नवाजा गया। यह पुरस्कार राज्य की सतत और जिम्मेदार पर्यटन नीतियों का प्रमाण है।

 

दिल्ली के द्वारका स्थित यशोभूमि (आईआईसीसी) में आयोजित कार्यक्रम में पर्यटन, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि उत्तराखंड पर्यटन विकास बोर्ड की उपलब्धि गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि राज्य की नीतियाँ — जैसे ग्रामीण पर्यटन, होम-स्टे योजना और पर्यावरण संरक्षण आधारित पहलें — एक सतत पर्यटन मॉडल तैयार कर रही हैं।

 

महाराज ने अपने संबोधन में कहा कि हमारी सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में पर्यटन क्षेत्र के सतत विकास व निवेश को बढ़ावा दे रही है। विकास का लक्ष्य प्रकृति के साथ तालमेल और स्थानीय समुदायों की भागीदारी है।

 

इस अवसर पर उत्तराखंड पर्यटन की ओर से अपर निदेशक पूनम चंद और आईसीआरटी इंडिया फाउंडेशन के अध्यक्ष हेरोल्ड गुडविन तथा प्रबंध निदेशक मनीषा पांडे के बीच एक MoU भी साइन किया गया। यह समझौता जिम्मेदार पर्यटन साझेदारी को मजबूत करेगा।

 

पुरस्कार सूची में भारत, श्रीलंका, नेपाल और मालदीव के 17 संगठन शामिल रहे। महाराज ने सभी को बधाई दी और कहा कि पर्यटन का असली अर्थ केवल यात्रियों की सुविधा नहीं बल्कि समाज और पर्यावरण की जिम्मेदारी भी है।

Related Articles

Back to top button