फ्रांस में ‘ब्लॉक एवरीथिंग’ अभियान से हड़कंप, 200 गिरफ्तार, 80,000 पुलिस तैनात

NITC Desk
2 Min Read

नेपाल में भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन के चलते सरकार का तख्तापलट हो गया था। अब इसी तरह का बवाल यूरोप के देश फ्रांस में भी देखने को मिल रहा है।

 

बुधवार सुबह से राजधानी पेरिस समेत कई शहरों में प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच संघर्ष हुआ। ‘ब्लॉक एवरीथिंग’ नाम का यह आंदोलन देश की परिवहन व्यवस्था को पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर चुका है। पेरिस में अकेले 200 से ज्यादा लोगों की गिरफ्तारी हुई।

 

प्रदर्शनकारियों ने कचरे के डिब्बों और बैरिकेड्स से सड़कों को बंद कर दिया। बोरदॉ और मार्सिले में भीड़ ने प्रमुख चौराहों को घेर लिया। गारे दू नॉर रेलवे स्टेशन पर भी हंगामा हुआ। पुलिस पर प्रदर्शनकारियों ने फ्लेयर्स और बोतलें फेंकीं।

 

सरकार ने हालात संभालने के लिए 80,000 पुलिस बल तैनात किया है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार लोग सार्वजनिक व्यवस्था भंग कर रहे थे। अधिकारियों को डर है कि जैसे-जैसे समय बीतेगा, स्थिति और ज्यादा बिगड़ सकती है।

 

यह विरोध ऐसे समय में हो रहा है जब राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने 24 घंटे पहले ही नए प्रधानमंत्री सेबास्टियन लेकोर्नू की नियुक्ति की थी। संसद में अस्थिरता और सड़कों पर विरोध ने मैक्रों सरकार के लिए बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है।

Share This Article